प्रणयकुमार बंडी
घुग्घुस (चंद्रपुर) : घुग्घुस में 28 दिसंबर 2024 को आयोजित होने वाला सत्कार समारोह चर्चा का मुख्य विषय बन गया है. यह कार्यक्रम प्रमोद महाजन रंगमंच, आठवडी बाजार में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें तीन प्रमुख विधायकों किशोर जोर्गेवार (चंद्रपुर), देवराव भोंगले (राजुरा), और पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार (बल्लारशाह) का नागरिक सत्कार किया जाएगा.
विशेष रूप से, राजुरा क्षेत्र के विधायक देवराव भोंगले के पहले आगमन के उपलक्ष्य में यह आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम को विभिन्न संस्थाओं, संगठनों और मंडलों द्वारा आयोजित बताया जा रहा है.
इस कार्यक्रम को लेकर शहर में चर्चाएं जोरों पर हैं, खासकर उन पीड़ित परिवारों के बीच, जो वर्षों से विभिन्न कार्यालयों और नेताओं के चक्कर काट रहे हैं. वे अपनी समस्याओं के समाधान और न्याय की उम्मीद में इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले हैं.
इन परिवारों को अब तक आश्वासन तो मिले हैं, लेकिन ठोस समाधान नहीं. ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि क्या तीनों नेता इस समारोह के दौरान इन पीड़ितों के लिए न्याय सुनिश्चित करने का कोई कदम उठाएंगे. यह आयोजन घुग्घुस के लिए सामाजिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बन गया है.




