प्रयागराज: सोशल मीडिया पर चल रही खबरों का खंडन करते हुए प्रयागराज के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदर ने स्पष्ट किया कि शहर में 4 फरवरी तक वाहनों के प्रवेश पर कोई प्रतिबंध नहीं है. उन्होंने कहा कि यह खबर पूरी तरह निराधार है और नागरिकों को भ्रामक जानकारी से बचने की अपील की.
https://x.com/AHindinews/status/1885123317834932273?t=xxQytJjPvDXf132nim7XOA&s=19
जिलाधिकारी ने बताया कि वाहन डायवर्जन स्कीम केवल मौनी अमावस्या के दिन लागू की गई थी, जो अब समाप्त हो चुकी है. अधिकांश श्रद्धालु संगम क्षेत्र से वापस लौट चुके हैं, और पुलिस बैरिकेडिंग को हटा रही है. उन्होंने कहा, “हमने पुलिस को बैरिकेडिंग हटाने के निर्देश दे दिए हैं. 31 जनवरी, 1 फरवरी और 4 फरवरी को किसी भी वाहन की आवाजाही पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा.”
हालांकि, वसंत पंचमी के स्नान को ध्यान में रखते हुए 2 और 3 फरवरी को डायवर्जन स्कीम लागू रहेगी. मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश को लेकर विशेष प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिसकी जानकारी मेला अधिकारी और डीआईजी देंगे.
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रयागराज कमिश्नरेट क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर कोई रोक नहीं है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और अफवाहों से बचें.




